बागेश्वर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.472 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक सीज
बागेश्वर । पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में जनपद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.472 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चरस तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया।
उत्तराखण्ड सरकार के “नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान तथा पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में 3 अगस्त 2026 की रात करीब 9:20 बजे एसओजी टीम ने थाना कपकोट क्षेत्र के पालीडुंगरा पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK06AC4957 (अपाचे) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 1.472 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से गोविन्द सिंह (32 वर्ष) पुत्र बहादुर सिंह तथा राजा रावत उर्फ राज रावत (26 वर्ष) पुत्र गोविन्द सिंह रावत, दोनों निवासी ग्राम सुमगढ़, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध थाना कपकोट में एफआईआर संख्या 48/26 के तहत धारा 08/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही यह पता लगाने के लिए उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की भी गहन जांच की जा रही है कि चरस की आपूर्ति किस नेटवर्क के माध्यम से की जा रही थी।
इस सफल कार्रवाई को एसओजी टीम के उपनिरीक्षक जीवन सामन्त, कांस्टेबल कुलदीप वर्मा तथा चालक कांस्टेबल विजय कुमार ने अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
