August 5, 2026

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर डीएम सख्त, दावे-आपत्तियों के निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश


बागेश्वर । विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावली में दर्ज दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया का मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बूथ संख्या-141 प्राथमिक विद्यालय बिलोना नवीन तथा बूथ संख्या-128 प्राथमिक विद्यालय खोली में चल रही नोटिस सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुनवाई की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और नोटिसों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही नोटिस प्राप्त मतदाताओं से सीधे संवाद कर प्रक्रिया के संबंध में फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। प्रत्येक पात्र मतदाता को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिले तथा पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे। उन्होंने बीएलओ की रिपोर्ट पर संबंधित बीएलए के हस्ताक्षर सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण में बताया गया कि प्राथमिक विद्यालय बिलोना नवीन मतदान केंद्र पर कुल 1008 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 194 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं प्राथमिक विद्यालय खोली मतदान केंद्र पर कुल 675 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 133 मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रियंका रानी, एआरओ हेम चंद्र तिवारी, रितु गोस्वामी, सहायक निर्वाचन अधिकारी धनीराम टमटा, सुपरवाइजर परविंदर नेगी तथा बीएलओ शोभा देवी और नीमा देवी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता निष्पक्ष सुनवाई और समयबद्ध कार्रवाई पर निर्भर करती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

You may have missed