August 5, 2026

भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट पर बागेश्वर में कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी 5 अगस्त को बंद

बागेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 5 अगस्त 2026 के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पाण्डे ने जारी आदेश में कहा है कि मौसम विभाग ने जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बुधवार, 5 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शिक्षण संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

You may have missed