September 20, 2026

फार्म-7 से फर्जी आपत्तियां लगाकर मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप


रुद्रपुर ।  कांग्रेस विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने आरोप लगाया है कि सुनियोजित षड्यंत्र के तहत संगठित गिरोह पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि 35 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से फर्जी आपत्तियां दाखिल की गई हैं। इस संबंध में उन्होंने बुधवार को एसडीएम तुषार सैनी को ज्ञापन सौंपकर आपत्तियां लगाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि तीन अगस्त के फार्म-10 का ऑनलाइन अवलोकन करने पर पता चला कि भाग संख्या एक के 24 और भाग संख्या 120 के एक मतदाता का नाम हटाने के लिए फार्म-7 से आपत्तियां लगाई गईं।
वहीं, चार अगस्त को भाग संख्या तीन के 10 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आपत्तियां प्रस्तुत की गईं। उन्होंने इसे सामान्य या व्यक्तिगत आपत्तियों के बजाय सुनियोजित षड्यंत्र बताया। कापड़ी ने एसडीएम से सभी संदिग्ध फार्म-7 की गहन जांच कराने और फर्जी या दुर्भावनापूर्ण आपत्तियां पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आपत्तिकर्ताओं और संबंधित मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी कर व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर देने तथा बिना जांच और सुनवाई के किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटाने की मांग की। साथ ही निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई से अवगत कराने को कहा। इस दौरान बाबी राठौर, नरेंद्र आर्या, नवीन जोशी, विनोद चंद समेत कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।