बागेश्वर में औषधि भंडार पर बड़ी कार्रवाई: 10 दवाओं के नमूने जांच को भेजे, डीएम के निर्देश पर औचक निरीक्षण
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित केंद्रीय औषधि भंडार, बिलौना का औचक निरीक्षण किया गया। औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने निरीक्षण के दौरान दवाओं के भंडारण, तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण, कोल्ड-चेन, स्टॉक रजिस्टर, एक्सपायरी प्रबंधन, FEFO प्रणाली, स्वच्छता और Good Storage Practices का गहन सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता परीक्षण के लिए विभिन्न श्रेणियों की 10 वैधानिक औषधियों के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच हेतु राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
औषधि भंडार प्रभारी को नारकोटिक एवं मनःप्रभावी दवाओं को सुरक्षित और तालाबंद रखने, एक्सपायरी दवाओं को उपयोग योग्य स्टॉक से पूरी तरह अलग रखने तथा स्वच्छता, सुव्यवस्थित रैकिंग और निर्धारित भंडारण मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने कहा कि जनपद में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक अनुरूप दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकारी एवं निजी औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण और दवाओं की गुणवत्ता जांच लगातार जारी रहेगी।
