August 7, 2026

सूरजमल के छात्रों की मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे बेहड़


रुद्रपुर ।  विधायक तिलकराज बेहड़ ने सूरजमल विश्वविद्यालय में नर्सिंग कोर्स कर रहे विद्यार्थियों की आईएनसी मान्यता की मांग के समर्थन में गुरुवार को कॉलेज गेट पर धरना दिया। विद्यार्थी पिछले आठ महीने से मान्यता की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। 29 जुलाई से वे कॉलेज गेट पर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि विद्यार्थी लंबे समय से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पास आईएनसी की मान्यता नहीं होने पर नर्सिंग कोर्स में विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए था। शिक्षा निदेशक को विश्वविद्यालय से इस संबंध में जवाब मांगना चाहिए था।बेहड़ ने बताया कि उन्होंने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर जवाब मांगा, लेकिन शिक्षा विभाग और शासन-प्रशासन मौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय करीब 200 विद्यार्थियों से लाखों रुपये ले चुका है। बेहड़ ने प्रशासन को एक सप्ताह में मामले का निस्तारण करने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर क्षेत्र के हजारों छात्रों के साथ सूरजमल विश्वविद्यालय कूच किया जाएगा और इसे दूसरा जंतर-मंतर बनाया जाएगा। उन्होंने डीएम और एसएसपी से मौके पर पहुंचकर छात्रों की समस्या का समाधान कराने की मांग की।