जनसुनवाई में 11 शिकायतें पहुंचीं, अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण
सीडीओ नरेश कुमार ने अधिकारियों को दिए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश, शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई से अवगत कराने पर जोर
बागेश्वर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कुल 11 शिकायतें एवं समस्याएं सामने आईं। इनमें पेयजल, विद्युत, सड़क और आपदा से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं।
सीडीओ नरेश कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। वहीं, जिन प्रकरणों में तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों पर कार्रवाई के साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।
समन्वय वाले मामलों पर विशेष निगरानी
सीडीओ ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेने और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे मामलों पर ध्यान देने को कहा, जिनके समाधान के लिए एक से अधिक विभागों के बीच समन्वय जरूरी है।
इस दौरान सीएम हेल्पलाइन और हेलो बागेश्वर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों की जानकारी प्रस्तुत करने के साथ उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की।
जनसुनवाई में अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान होने से फरियादियों को तत्काल राहत मिली और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की प्रतिबद्धता भी सामने आई।
