भारी बारिश की चेतावनी के चलते बागेश्वर में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल बंद
बागेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 अगस्त (सोमवार) को बागेश्वर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी एनएस नबियाल द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि मौसम विभाग ने 10 अगस्त को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने तथा कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। साथ ही वर्षा के अत्यंत तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार जिले के सभी संबंधित विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र सोमवार को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी संबंधित अधिकारियों को आदेश की प्रति भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
