September 5, 2026

भावभीनी विदाई: सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक श्याम सुन्दर वर्मा को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई

गरुड़ में आयोजित समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने साझा की यादें, विद्यालय के विकास का भी लिया संकल्प

गरुड़, बागेश्वर। राजकीय जूनियर हाईस्कूल बिमौला में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए प्रधानाध्यापक श्याम सुन्दर वर्मा को विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने समारोहपूर्वक भावभीनी विदाई दी। विद्यालय परिसर में आयोजित विदाई समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और भावनाओं का रंग भर दिया। वहीं, शिक्षकों और अभिभावकों ने श्याम सुन्दर वर्मा के कार्यकाल को याद करते हुए शिक्षा एवं विद्यालय के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा ने कहा कि विद्यालय के भौतिक विकास के लिए पंचायत हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने जिला प्लान के तहत विद्यालय में भवन निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी विद्यालय शिक्षा की मजबूत आधारशिला हैं और इनके विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

क्षेत्र पंचायत सदस्य विमला टम्टा, ग्राम प्रधान मनीषा देवी और उपप्रधान मंजू देवी ने भी विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख प्रकाश कोहली ने अभिभावकों से सरकारी विद्यालयों में अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन कराने की अपील की।

समारोह में मंगल राणा, नरेंद्र बिष्ट, पूर्व प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र वर्मा, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष जीवन दोसाद, कोषाध्यक्ष बिशन गिरी, उपाध्यक्ष जीवन गिरी, दीप पाण्डेय, डीएल वर्मा, शंकर टम्टा, ललित पाठक, देवेंद्र बिष्ट, जानकी वर्मा सहित विकासखंड के शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक श्याम सुन्दर वर्मा ने की, जबकि संचालन नवागत प्रधानाध्यापक नीरज पन्त ने किया।

सेवा से विदाई, यादों से नहीं

विदाई समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने श्याम सुन्दर वर्मा को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका योगदान विद्यालय और विद्यार्थियों के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा। भावुक माहौल के बीच उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई और सभी ने उनके आगामी जीवन के लिए सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।