August 9, 2026

ऑपरेशन प्रहार: अवैध शराब के खिलाफ बागेश्वर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार

30 पेटी अवैध शराब बरामद, तस्करी में प्रयुक्त वाहन सीज; आरोपी के नेटवर्क की जांच शुरू

बागेश्वर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध शराब के परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 पेटी मैक्डॉवल व्हिस्की और 29 पेटी ट्यूबर्ग बीयर बरामद की है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी आबकारी अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और महत्वपूर्ण बरामदगी के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में 08 अगस्त 2026 को कोतवाली बागेश्वर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अक्षय कुमार (28 वर्ष), पुत्र कैलाश मोहन, निवासी बिलौना, बागेश्वर को वाहन संख्या UK02A-5446 (ऑल्ट्रोज) में अवैध रूप से शराब परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के वाहन से कुल 30 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मामले में कोतवाली बागेश्वर में FIR संख्या 56/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

वाहन सीज, नेटवर्क की पड़ताल जारी

पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी आबकारी अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। वहीं गिरफ्तार आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।