Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

गुलदार के हमले में घायल महिला से मिले डीएफओ, पांच हजार की सहायता


बागेश्वर ।  गुलदार के हमले में घायल महिला का हाल जानने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य रविवार को जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़िता को तत्काल उपचार के लिए पांच हजार रुपये की सहायता राशि दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उधर, वन विभाग ने गांव में ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं। जरूरत पड़ने पर पिंजरा भी लगाया जाएगा। कांडा तहसील के कपूरी गांव के घोड़ागाड़ निवासी 55 वर्षीय जानकी देवी पत्नी सुजान सिंह शनिवार शाम करीब पौने सात बजे खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया।घायल महिला को सीएचसी कांडा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। रविवार सुबह डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य और बागेश्वर रेंजर एसएस करायत ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। डीएफओ ने तत्काल उपचार के लिए पांच हजार रुपये दिए। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मुआवजे की राशि निर्धारित की जाएगी। इधर, धरमघर वन रेंज की टीम ने गांव में ट्रैप कैमरे लगाने के साथ गश्त बढ़ा दी है। विभाग ने ग्रामीणों से सुबह-शाम अकेले खेतों में नहीं जाने और घरों के आसपास उगी घास-झाड़ियों को साफ रखने की अपील की है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

Advertisement