September 3, 2026

बागेश्वर में जल जीवन मिशन में दो साल से भुगतान नहीं, ठेकेदार हुए पैदल


बागेश्वर ।   सिविल कॉन्ट्रैक्टर्स सोसाइटी जिला-बागेश्वर ने दो साल बीत जाने के बाद भी जल जीवन मिशन के कार्यों का भुगतान न होने पर आक्रोश जताया है। सोसाइटी ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर एक सप्ताह के भीतर भुगतान कराने की मांग की है, अन्यथा जिलाधिकारी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। सोसाइटी के अध्यक्ष गंगासिंह कोरंगा और सचिव अमर सिंह बिष्ट द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि जनपद बागेश्वर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल निगम, जल संस्थान और सिंचाई खंड कपकोट की ओर से पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य कराया गया था। अधिकांश योजनाओं के निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं और हस्तांतरण आदि कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 से ठेकेदारों का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
जिस कारण ठेकेदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार मजदूरों की मजदूरी व फर्मों को निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, जिससे ठेकेदारों के समस्त कार्य रुक चुके हैं। आर्थिक संकट से जूझते हुए ठेकेदारों को अपना जीवन यापन करने में भी भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। सोसाइटी ने कहा है कि समस्या को मद्देनजर रखते हुए ठेकेदारों को यथाशीघ्र पूर्ण किए गए कार्यों का भुगतान एक सप्ताह के भीतर करवाने की कृपा की जाए। अन्यथा ठेकेदार मजबूरन मांगें मनवाने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में धरना देंगे। यह निर्णय सोसाइटी की गुरुवार को आयोजित बैठक में लिया गया।

You may have missed