विद्यालयों की बदलेगी तस्वीर, बेहतर होगा शिक्षा का माहौलडीएम अपूर्वा पाण्डे ने विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश
बागेश्वर। जनपद के विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर भवन, शौचालय, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में नए भवन निर्माण, मेजर रिपेयर और माइनर रिपेयर से संबंधित आवश्यक कार्यों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने को कहा, ताकि जरूरत के अनुसार कार्ययोजना बनाकर विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण किया जा सके।
दस विद्यालयों को बनाया जाएगा मॉडल स्वरूप का विद्यालय
बैठक में जिलाधिकारी ने बागेश्वर और कपकोट विकासखंड के पांच-पांच उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को चिन्हित कर उनमें आवश्यक सुधार एवं विकास कार्यों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चयनित विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से आकर्षक, सुविधायुक्त और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण वाले विद्यालयों के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों में पहले से उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के साथ ही जिन सुविधाओं की कमी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं विद्यार्थियों के सीखने और उनके समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सभी आवश्यक कार्यों का स्थलीय आकलन कर व्यावहारिक और परिणामपरक कार्ययोजना तैयार की जाए।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी आशा राम सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
