बदहाल सड़कों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, गड्ढों पर पेंट कर जताया विरोध
अल्मोड़ा । नगर कांग्रेस कमेटी ने नगर की जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों के विरोध में बुधवार को अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क के गड्ढों को पेंट से चिन्हित कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया और जल्द मरम्मत की मांग उठाई। महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगर की अधिकांश सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, जिससे आम लोगों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। ताराचंद जोशी ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को उठाती रही है, लेकिन सड़क मरम्मत को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं दिख रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। नगर महामंत्री वैभव पांडे ने कहा कि जनता कर के माध्यम से सरकार को राजस्व देती है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि वह नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि सड़क मरम्मत का कार्य धरातल पर दिखाई देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अल्मोड़ा नगर की सभी प्रमुख सड़कों का तत्काल सर्वेक्षण कर गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील शाह, भैरव गोस्वामी, ताराचंद शाह, आनंद बगड़वाल, दीपक कुमार, अनूप भारती, विकास कुमार, मुकेश कुमार, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, पूरन रौतेला, आनंद सिंह बिष्ट, तारा तिवारी, विशाल कनवाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
