September 17, 2026

चार साल से गन्ना भुगतान अटका, 24 को सीएम आवास घेरेंगे किसान

रुड़की । भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी ने कहा कि इकबालपुर स्थित लक्ष्मी शुगर मिल से क्षेत्रीय किसानों का करीब 130 करोड़ और हरियाणा के किसानों का करीब 40 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया है। चार साल से भुगतान नहीं होने से किसानों में रोष है। उन्होंने ऐलान किया कि बकाया भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर 24 सितंबर को किसान देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास का घेराव करेंगे। इकबालपुर स्थित शुगर मिल में आयोजित किसान सभा को संबोधित करते हुए विकास सैनी ने कहा कि किसानों के बकाया गन्ना भुगतान की मांग कई बार शासन और प्रशासन के समक्ष उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकार से किसानों का बकाया भुगतान तत्काल कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसी सत्र में सरकार इकबालपुर शुगर मिल का संचालन कराए, ताकि क्षेत्रीय किसान अपनी उपज इसी मिल में डाल सकें।उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में किसानों के नलकूपों की बिजली मुफ्त करने और स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने की घोषणा करने की मांग की। विकास सैनी ने उत्तराखंड में मैदान और पहाड़ के नाम पर भेदभाव खत्म कर पूरे प्रदेश में समान नियम लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार हरिद्वार जिले को केंद्र शासित प्रदेश बनाने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजे। उन्होंने किसानों से 24 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचने का आह्वान किया। सभा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनोद प्रजापति, राष्ट्रीय प्रभारी कर्मवीर सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सिकंदर सैनी, प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह, यूनुस प्रधान, अनिल चौधरी, अरविंद पाल, बिजेंद्र गिरी, डॉ. तौफीक अहमद, राम सिंह, अजय वर्मा, पंकज सैनी, नीतू राम सैनी आदि मौजूद रहे।