September 18, 2026

24 घंटे में बागेश्वर से चोरी की बाइक गरुड़ में बरामद, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बागेश्वर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई; पूछताछ के बाद मुकदमे में धाराएं बढ़ाईं

बागेश्वर/गरुड़। बाइक चोरी की सूचना मिलते ही बागेश्वर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई अहम सफलता बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को सूरज कठायत पुत्र स्व. वीरेन्द्र कठायत, निवासी ग्राम द्यागंढ ने अपनी बजाज पल्सर 180 सीसी (वाहन संख्या DL3SDC0814) चोरी होने की सूचना कोतवाली बागेश्वर में दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर चोरी गई बाइक की बरामदगी के निर्देश दिए।

वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली बागेश्वर में मु0अ0सं0 63/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक संजय धौनी को सौंपी गई।

इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देने के साथ ही पतारसी-सुरागरसी और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। पुलिस की लगातार कार्रवाई का परिणाम सामने आया और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए पंकज सिंह रावत उर्फ पंकू (19 वर्ष), पुत्र प्रताप सिंह रावत, निवासी ग्राम चौरसों, थाना बैजनाथ, जिला बागेश्वर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

चोरी की बाइक बरामदगी में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

  • उ0नि0 संजय धौनी, कोतवाली बागेश्वर
  • हे0का0 सुरेश आर्या, कोतवाली बागेश्वर
  • हे0का0 पूरन मठपाल, कोतवाली बागेश्वर
  • का0 राजेन्द्र सिंह, कोतवाली बागेश्वर
  • का0 मनीष गोश्वारमी, कोतवाली बागेश्वर
  • का0 उमेष रावत, कोतवाली बागेश्वर

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरों में संदेश

बाइक चोरी की सूचना के बाद पुलिस द्वारा तत्काल मुकदमा दर्ज कर टीम गठित करना और लगातार दबिश एवं सुरागरसी करते हुए 24 घंटे के भीतर वाहन बरामद करना पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाता है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुई इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता भी सामने आई है।