ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई, दूसरी स्कूटी भी मिली; दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
बागेश्वर। ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की स्कूटी के अलावा एक अन्य स्कूटी भी बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी स्कूटी संख्या UK 02-7669 चोरी होने की तहरीर कोतवाली बागेश्वर में दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी शुरू की।
पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर को रवाईखाल क्षेत्र से एक युवक को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर स्कूटी चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी के साथ एक अन्य स्कूटी भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्की कुमार पुत्र कैलाश राम, निवासी पोलिंग, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय धौनी, हेड कांस्टेबल भरत धानिक, कांस्टेबल नीरज वाणी और कांस्टेबल अजय वाणी शामिल रहे।
