Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

बैरिकेडिंग तोड़ लोकभवन पहुंचे कांग्रेसियों पर मुकदमा


 देहरादून ।  अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के विरोध में प्रदर्शन कर लोकभवन गेट तक पहुंचे कांग्रेसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। बिना अनुमति प्रदर्शन करने, पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कैंट कोतवाली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत 30 नामजद व 10-15 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय से घंटाघर तक कैंडल मार्च निकालने का ऐलान किया था। दोपहर करीब 1:35 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी एनेक्सी बैरियर पर पहुंच गए।वहां कथित वीआईपी पर कार्रवाई की मांग कर नारेबाजी करने लगे। पुलिस के रोकने के बावजूद हाथीबड़कला बैरियर से निकलकर कुछ अन्य प्रदर्शनकारी लोकभवन की ओर कूच कर गए। पुलिस के अनुसार पूर्व सीएम हरीश रावत, चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत अन्य नेताओं ने पुलिस के निर्देशों की अनदेखी की। प्रदर्शनकारियों ने बलपूर्वक बैरिकेडिंग पार की और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए लोकभवन के मुख्य गेट को पकड़कर जबरन खोलने का प्रयास किया। कैंट कोतवाल संतोष सिंह कुंवर की ओर से मामले में बीएनएस की धारा 132 और 223 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच शहर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट को सौंपी गई है।

Advertisement