बागेश्वर में 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका; डीएम ने अधिकारियों को किया सतर्क
बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में 30 अक्टूबर को खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार जिले के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जन-धन के नुकसान को कम किया जा सके।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।
प्रशासन की आमजन से अपील, खराब मौसम में बरतें सावधानी
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें। आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने पर खुले स्थानों में न रहें तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
- आपदा नियंत्रण कक्ष (DEOC): 05963-220196, 05963-220197
- टोल फ्री नंबर: 1077
- मोबाइल नंबर: 9634912152, 7536827373, 8859223535
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम खराब होने की स्थिति में सतर्कता बरतना और समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है।
