नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की सख्ती, सार्वजनिक शांति भंग करने वाले दो व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई
बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए बागेश्वर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों और बिना सत्यापन रह रहे व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 65 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें से 14 वाहनों के चालान न्यायालय के लिए किए गए।
देर शाम होटलों और ढाबों में चेकिंग, 13 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन
अभियान के तहत पुलिस ने देर शाम ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाकर होटल और ढाबों में चेकिंग की। इस दौरान बाहरी क्षेत्रों से आए व्यक्तियों के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने कुल 13 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया।
लिस द्वारा ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर रखी जा रही है, जो अपनी पहचान छिपाकर या वेश बदलकर रह रहे हो सकते हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और बिना पुलिस सत्यापन के रहने वाले दो व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
नियम तोड़ने वालों को पुलिस की सख्त चेतावनी
बागेश्वर पुलिस ने आम जनता से सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग न करने और कानून व्यवस्था को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की। साथ ही, कहीं भी अशांति या हुड़दंग की स्थिति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया है।
बागेश्वर पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
