राष्ट्रीय एकता दिवस पर बागेश्वर कोतवाली में भव्य कार्यक्रम, स्कूली बच्चों को किया सम्मानित
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर निकाली गई जागरूकता रैली, जीवनी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मिले पुरस्कार
बागेश्वर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कोतवाली परिसर बागेश्वर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं और बच्चों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अजय साह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर आधारित जीवनी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम स्थान प्राप्त बच्चों को क्षेत्राधिकारी अजय साह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों, नागरिकों और वरिष्ठजनों को संबोधित करते हुए सरदार पटेल के व्यक्तित्व, उनके विचारों तथा देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पुलिस जवानों का अनुशासन, एकरूपता और कर्तव्यनिष्ठा भी आकर्षण का केंद्र रही। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक के जीवन का संकल्प बननी चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, सामाजिक एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। साथ ही सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
