बिग बॉस में पति विक्की जैन ने नहीं दिया साथ, अंकिता लोखंडे बोलीं- जिंदगी में कभी इतना नहीं रोई
अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने पति विक्की जैन के साथ अपने रिश्ते, पुरानी लड़ाइयों और बिग बॉस के घर में बिताए मुश्किल पलों को लेकर खुलकर बात की है। अंकिता का कहना है कि पहले उनके और विक्की के बीच काफी झगड़े होते थे, लेकिन बिग बॉस में साथ रहने के बाद दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने लगे हैं। अब उनके रिश्ते में पहले से ज्यादा समझदारी आ गई है और आपसी बहस भी काफी कम हो गई है। अंकिता हाल ही में पति विक्की जैन के साथ नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो डबल डेट में पहुंचीं। इस दौरान दोनों ने अपने रिश्ते के कई अनकहे पहलुओं पर बात की। अंकिता ने रियलिटी शो बिग बॉस के दौरान के भावुक पलों को याद किया, वहीं विक्की ने भी शो में अपने अनुभव और चुनौतियों के बारे में बताया। अंकिता ने अपने रिश्ते में आए बदलाव को लेकर कहा, पहले हमारी बहुत लड़ाइयां होती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं होता। पहले शायद एक-दूसरे को समझने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन बिग बॉस के बाद हमारे बीच समझदारी बढ़ गई है।
