विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पिता ने दी हत्या की तहरीर
पौड़ी । नगर के सिलंगी मल्ली गांव में विवाहिता के चुन्नी के फंदे से लटककर आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पिता ने पुलिस में हत्या की आंशका की तहरीर दी है। इस पर पुलिस जांच में जुटी है। बीते 18 नवंबर को नगर के सिलंगी मल्ली गांव निवासी उर्मिला उर्फ लक्ष्मी (28) पत्नी महावीर सिंह का शव घर में चुन्नी से लटका हुआ मिला था। पुलिस और परिजनों ने शव को उतारा। कोतवाली गैरसैंण पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं शुक्रवार को मृतका के पिता बलवंत सिंह निवासी ग्वाड़ तल्ला ने कोतवाली में तहरीर देकर अपनी पुत्री की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने की गुहार लगाई है। कोतवाल मनोज सिरोला ने कहा कि मृतका के पिता की ओर से दी गई तहरीर को जांच में शामिल कर दिया गया है। मृतका की 10 साल पूर्व शादी हुई थी। वह अपने पीछे डेढ़ साल की बेटी और पांच साल का बेटा छोड़ गई है। मृतका का पति कहीं प्राइवेट नौकरी करता है। सूचना मिलने पर वह 19 नवंबर को गांव पहुंचा। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामले पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
