सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर हो रही कार्रवाई : अनुज
देहरादून। पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने 11 करोड़ के घोटाले और उन लगे आरोपों पर सफाई दी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधकर चेतावनी दी। कहा कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई कर दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी फर्जी मुकदमों, विजिलेंस जांच से डरने वाले नहीं हैं, ईडी, सीबीआई से भी जांच करवा लें, वह इसका डटकर मुकाबला करेंगे, किसी से नहीं डरेंगे।शुक्रवार को मसूरी में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि वह लगातार भ्रष्टाचार के मामले उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिप्राप्ति नियमावली में साफ लिखा है कि टेंडर प्रक्रिया से अध्यक्ष का कोई लेना-देना नहीं है। कोविड में जो छूट मिली उसके लिए शासन स्तर से तीन सदस्यीय समिति बनी थी।इसमें अधिशासी अधिकारी, नायब तहसीलदार व एकाउंटेंट होते हैं। समिति ने रिपोर्ट दी थी और शासन ने अनुमोदन किया, उसके बाद उन पर आरोप लगा रहे हैं। इससे अध्यक्ष को कोई लेना-देना नहीं होता, लेकिन उन्हें आरोपी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव आ गए और वे दावेदार हैं, तो उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि वह इसके खिलाफ न्यायालय की शरण में जाएंगे।
