बागेश्वर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने निकाली आक्रोश रैली
बागेश्वर । आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड ने लंबित न्यायोचित मांगों को लेकर चलअनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार एवं धरना प्रदर्शन जारी है। मांगों के समर्थन में उन्होंने नगर में आक्रोश रैली निकाली। सभा के बाद डीएम के माध्मय से सीएम को ज्ञापन भेजा। शनिवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नुमाईशखेत मैदान में एकत्रित हुए। यहां से आक्रोश रैली निकाली। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए कलक्ट्रेट पंहुंची। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि तीन मार्च 2024 को मुख्यमंत्री से वार्ता की गई थी, जिसमें उन्होंने आश्वासन दिया था कि मानदेय वृद्धि हेतु कमेटी गठित कर दी गई है। इसके उपरान्त सरकार का ध्यान आकर्षित करने दो दिसंबर 2025 को को सचिवालय रैली निकाली गई, उच्च अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया गया जल्द ही मानदेय वृद्धि होगी। इस साल दो मई को मुख्यमंत्री से फिर वार्ता की गई, जिसमें जल्द ही मानदेय वृद्धि हेतु कमेटी का निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया गया। तीन सितंबर को सचिवालय में कार्मिक सचिव से हमारी वार्ता हुई। पांच सितंबर को को निदेशालय स्तर पर भी संगठन की वार्ता हुई, लेकिन अब तक कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं निकला। जिसके कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों में गहरी निराशा एवं असंतोष व्याप्त हो गया है। मोर्चा ने कहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां विगत अनेक वर्षों से विस्तारित कार्यक्षेत्र, डिजिटल दायित्व, सर्वेक्षण, पोषण, मातृ शिशु कल्याण एवं विविध शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में सीमित संसाधनों के बावजूद पूर्ण निष्ठा से योगदान दे रही हैं। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर बिना पेंशन, बिना सामाजिक सुरक्षा और बिना सम्मानजनक सेवा निवृत्ति लाभ के उन्हें सेवा से पृथक कर दिया जाना प्रशासनिक एवं मानवीय दृष्टि से अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि का शासनादेश तुरन्त जारी करने, सेवानिवृत्ति पर सम्मानजनक लाभ 10 लाख रुपए एवं नियमित मासिक पेंशन की व्यवस्था करने, बढ़ते कार्यभार के अनुरूप समुचित पारिश्रमिक संसाधन एवं नियमित प्रशिक्षण की सुनिश्चित व्यवस्था करने, बिना कारण धमकी, उत्पीड़न एवं असम्मानजनक व्यवहार पर कठोर प्रशासनिक रोक लगाने, लंबित मांगों पर विचारार्थ आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा को तत्काल उच्च स्तरीय वार्ता के लिए बुलाने की मांग की। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष भवानी जोशी जिलाध्यक्ष , लीला आर्या, महामंत्री पूनम देवी, शिखा जोशी, किरन मिश्रा, मिमा आर्या, रीना कुरानी, सोनी आर्या, मरीयम, तारा पाठक आदि मौजूद रहे।
