Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 21, 2026

आईबी के एसपी पर चालक ने तमंचे से झोंका फायर, माथे के पास से निकली गोली


हरिद्वार ।   कनखल स्थित आईबी कार्यालय में एक चालक ने अपने ही अधिकारी पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई। घटना में वह घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल एम्स ऋषिकेश में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आईबी कार्यालय में एसपी के पद पर तैनात एसपी  नौटियाल और उनके अस्थायी चालक विनोद नेगी के बीच किसी बात को लेकर नाराजगी चल रही थी। बताया गया कि घटना के समय एसपी कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान चालक विनोद नेगी ने तमंचा निकालकर उन पर फायर कर दिया। गोली उनके माथे के पास से निकल गई। अचानक हुई फायरिंग से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। घायल अधिकारी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी अस्थायी ड्यूटी पर तैनात था। उसके कब्जे से एक तमंचा बरामद किया गया है। घायल एसपी को हायर सेंटर रेफर किया गया था। वर्तमान में उनका एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement