हत्या के मुकदमे की पैरवी कर रहे परिवार को धमकी, घर के बाहर फायरिंग का आरोप
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में हत्या के एक पुराने मुकदमे में गवाही और पैरवी कर रहे परिवार को जान से मारने की धमकी देने और घर के बाहर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। वहीं एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शांति पुरम कॉलोनी जगजीतपुर निवासी एडवोकेट शेफाली वैध ने शिकायत में बताया कि उनके जेठ की वर्ष 2023 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में उनके पति भी गोली लगने से घायल हुए थे। मामला जिला कोर्ट रोशनाबाद में विचाराधीन है। आरोप है कि 18 नवंबर को इंस्टाग्राम ग्रुप में मानू उर्फ मनदीप, खाटू उर्फ जतिन चौधरी और जोली उर्फ रजत चौधरी ने उनके पति को गाली-गलौज कर घर में घुस कर मारने की धमकी दी।आरोप है कि 19 नवंबर की रात को तीनों आरोपी घर के बाहर से गुजरे और इसी दौरान गली में फायरिंग की गई। पीड़िता ने शिकायत में मुकदमे की पैरवी रोकने की साजिश और परिवार की जान को खतरा जताया है।
