Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 24, 2026

नामांकन के पहले दिन पांचों लोस सीटों पर 48 नामांकन पत्र खरीदे गए, दाखिल किसी ने नहीं किया  

देहरादून,  ( आखरीआंख ) लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में नामांकन प्रक्रिया आरंभ हो गई। पहले दिन प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर 48 नामांकन पत्र खरीदे गए, लेकिन किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया। नामांकन के लिए अब केवल तीन ही दिन बचे हैं। कारण यह कि नामांकन की अंतिम तिथि 25 मार्च तक चार दिन अवकाश है। ऐसे में अब केवल मंगलवार, शुक्रवार 22 मार्च और सोमवार 25 मार्च को ही नामांकन होगा। इस स्थिति में प्रत्याशियों को नामांकन कराने में खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
उत्तराखंड में पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होना है। सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले दिन पांचों सीटों पर कुल 48 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। सबसे ज्यादा 13 नामांकन पत्र टिहरी गढ़वाल, 11 नामांकन पत्र हरिद्वार, 10 नामांकन पत्र नैनीताल, नौ नामांकन पत्र पौड़ी गढ़वाल और पांच नामांकन पत्र अल्मोड़ा संसदीय सीट के लिए खरीदे गए। पहले दिन सभी सीटों पर प्रत्याशियों ने नामांकन करने से दूरी बनाए रखी। अब प्रत्याशियों के पास नामांकन के लिए केवल तीन दिन का समय ही शेष बचा है। दरअसल,  बुधवार 20 मार्च को छोटी होली और फिर 21 मार्च की बड़ी होली का अवकाश है। इसके बाद चतुर्थ शनिवार 23 मार्च और फिर 24 मार्च को रविवार का अवकाश है। इस स्थिति में केवल 19 मार्च, 22 मार्च व 25 मार्च को ही नामांकन हो सकेगा। ऐसे में नामांकन वाले तीन दिनों में निर्वाचन कार्यालयों में खासी गहमागहमी रहेगी।
Advertisement