महिला ने भाजपा नेता पर लगाया संपत्ति कब्जाने का आरोप
हरिद्वार, ( आखरीआंख ) आईडीपीएल ऋषिकेश निवासी एक महिला ने भाजयुमो जिला प्रभारी हरजीत सिंह पर अपनी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। जबकि महिला के तुरंत बाद प्रेस वार्ता कर भाजपा नेता ने महिला द्वारा लगाए गए आरोपो को निराधार बताते हुए किसी भी एजेंसी से जांच की बात कही।उल्टा महिला द्वारा उन्हें जबरन परेशान करने की बात कही।
प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान महिला ऋचा खुराना ने आरोप लगाया कि ज्वालापुर के गोल गुरूद्वारा इलाके में उनकी सम्पत्ति है। जिसमें हरजीत सिंह व उनके पिता दर्शन सिंह द्वारा अवैध रूप से दीवार का निर्माण कर उनके आने जाने का रास्ता बंद कर दिया है। उन्होंने इस संबंध में उच्चाधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज करायी। शिकायत पर जांच के दौरान उनका पक्ष सुने बिना ही उनके अधिकारों के खिलाफ रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गयी। महिला ऋचा खुराना का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक को भी अवगत कराया। लेकिन भाजपा नेता होने के कारण आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ऋचा खुराना ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष रूप से जांच कर मुझे न्याय दिया जाए। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा कई बार इस मामले को लेकर सुलह समझौता कराने के प्रयास भी किए गए। लेकिन भाजयुमो नेता अपने रसूख का हवाला देकर कोई बात मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने यह भी नाराजगी जतायी कि भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे तो देती है। लेकिन एक महिला को ही दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगायी।
