गरुड़, बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में लंबे समय से लोगों को धमकाकर रंगदारी वसूलने वाले एक शातिर अपराधी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली बागेश्वर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों ने राहत की सांस ली है। आरोपी की गिरफ्तारी ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि कानून के शिकंजे से बच पाना अब आसान नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 मार्च 2026 को शिकायतकर्ता श्री विक्रम सिंह दानू ने पुलिस को एक गंभीर शिकायती पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि गोपाल चन्द्र बनवासी नामक व्यक्ति उनके होटल भवन को अवैध निर्माण बताकर उसे ध्वस्त कराने की धमकी दे रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा 40 हजार रुपये की जबरन वसूली की जा चुकी थी तथा 2.5 लाख रुपये की अतिरिक्त रंगदारी की मांग की जा रही थी। इस पूरे घटनाक्रम से पीड़ित को मानसिक तनाव के साथ-साथ भारी व्यवसायिक क्षति भी उठानी पड़ रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर द्वारा तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने तेजी से विवेचना शुरू की और ठोस साक्ष्यों के आधार पर 21 मार्च 2026 को अभियुक्त गोपाल बनवासी उर्फ गोपाल राम, निवासी रीठा कंधार (गरुड़, बैजनाथ) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध मु.अ.सं. 17/26 धारा 308 (5) बी.एन.एस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी काफी गंभीर रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी बैजनाथ थाने में रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2011 से लेकर 2025 तक उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में अभियोग पंजीकृत रहे हैं, जिससे उसकी अपराध प्रवृत्ति का स्पष्ट अंदाजा लगाया जा सकता है। इतना ही नहीं, आरोपी पूर्व में भी जेल की हवा खा चुका है, लेकिन इसके बावजूद उसके हौसले बुलंद बने रहे।
पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक नितिन बहुगुणा, एसओजी के सहायक उपनिरीक्षक राजभानू, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह और महिला कांस्टेबल गोविंदी गढ़िया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से इस तरह के असामाजिक तत्वों से वे परेशान थे, लेकिन अब पुलिस की सख्ती से उन्हें राहत मिली है। बागेश्वर पुलिस ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।
