Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 5, 2026

पांच जिलों में बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी

देहरादून,  ( आखरीआंख )  मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के पांच जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है, वहीं मैदानी इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। इस बीच पहाड़ों में बारिश का दौर जारी रहा। हालांकि केदारनाथ में मौसम साफ रहने से यात्रियों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में जोरदार बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। जबकि देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में आंधी आ सकती है। दूसरी ओर गुरुवार को चमोली में कई जगह बारिश के साथ ओले भी पड़े। उत्तरकाशी के गंगोत्री और यमुनोत्री में बारिश से ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव से पहाड़ से लेकर मैदान तक पारा लुढ़क गया है। हल्द्वानी में गुरुवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दोपहर बाद 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने कई हार्डिंग उड़ा दिए। पेड़ों की टहनियां टूटने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तेज हवा के चलते सड़कों पर चल रही बाइकें भी लहरा गई।
मौसम लगातार रंग बदल रहा है। गुरुवार की सुबह मौसम पूरी तरह साफ हो गया और चटक धूप निकली। दोपहर बाद फिर आसमान में बादल छा गए और जिले के तमाम हिस्सों में रिमझिम बारिश हुई। जिससे गर्मी के मौसम में ठंड पड़ने से लोग हदप्रद हैं। मई माह आधा चला गया और गर्मी का अभी तक लोगों को अहसास तक नहीं हो सका है। पिछले एक सप्ताह से मौसम लगातार पल-पल बदल रहा है। सुबह धूप और शाम को बारिश होने से तापमान 36 डिग्री के आसपास अटका हुआ है, जबकि अप्रैल अंत में गर्मी चरम पर पहुंचने लगी थी और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। जिससे ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि इस साल गर्मी प्रचंड होगी। लेकिन गुरुवार को फिर दोपहर बाद बदले मौसम से गर्मी का अहसास कम हुआ है।
Advertisement