March 8, 2026

वन निगम के टाल का भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त 

अल्मोड़ा,  ( आखरीआंख ) नगर के विश्वनाथ घाट में स्थित वन निगम के टाल का भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। टाल की लकड़ियों को खुले में रखा गया है। जिससे वह खराब हो रही हैं। घाट पर शवदाह के लिए लोगों को आवश्यक लकड़ियां नहीं मिल पा रही हैं।
नगर के विश्वनाथ घाट में नगर सहित आस पास के ग्रामीण शवदाह के लिए पहुंचते हैं। लेकिन वहां शवदाह के लिए आवश्यक लकड़ियां उन्हें उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। मजबूरी में वहां मिलने वाली लकड़ियों से उन्हें शवदाह करना पड़ता है। लोगों के अनुसार पिछले कई वर्षो से विश्वनाथ घाट में बने वन निगम का टाल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। कई बार विभाग को इसकी जानकारी देकर इसे ठीक करने की मांग भी की जा चुकी है लेकिन विभाग ने इसकी कोई सुध नहीं ली है। वहीं शवदाह के लिए आवश्यक लकड़ियों की व्यवस्था भी इस टाल में न होने से शवदाह करने आने वाले लोगों में वन निगम के खिलाफ गुस्सा व्याप्त है।