अल्मोड़े में हवा में लटका पर्यटकों का वाहन, हादसा टला
अल्मोड़ा ( आखरीआंख ) नगर के समीपवर्ती किलकोट गांव में सैलानियों की जान बाल-बाल बच गई। पर्यटकों के वाहन का पिछला हिस्सा संकरी सड़क से नीचे उतर गया, जिससे वाहन खाई की ओर हवा में लटक गया। वाहन में बैठे लोगों की सांसें अटक गईं। ग्रामीणों ने वाहन सवार लोगों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला। वाहन में दो बचों सहित आठ लोग सवार थे। दिल्ली के पर्यटकों का दल समीपवर्ती एक रिसार्ट में ठहरा है। रविवार को आठ सदस्यीय दल अपने टैंपो ट्रेवलर संया डीएल1 वीसी-1826 से कार्बेट पार्क घूमने जा रहा था। जिसमें दो छोटे बचे भी शामिल थे। सुबह रिसार्ट से पंतकोटली होते हुए वाहन रानीखेत की ओर आ रहा था। किलकोट गांव में छावनी परिषद के टौल बैरियर में टौल कर्मी ने टौल काटने के लिए वाहन को हाथ देकर रोकने का इशारा किया। इसी बीच संकरी सड़क में चालक रामकरण सिंह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। वाहन का पिछला टायर संकरी सड़क से नीचे उतर गया, जिससे गाड़ी अगला हिस्सा उठ गया। वाहन खाई की ओर हवा में लटक गया। इससे वाहन में बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण व चुंगी कर्मी फौरन मदद को दौड़े। खिड़कियों के रास्ते सभी लोगों को सकुशल वाहन से बाहर निकाल लिया गया। तब जाकर यात्रियों की सांस में सांस आई। पूरन चंद्र थापा, राजेंद्र नेगी, बालम, सूरज सहित चुंगी कर्मियों ने मदद की। इसके बाद सैलानी दूसरे वाहन से कार्बेट पार्क के लिए रवाना हुए।
