September 20, 2024

बिग ब्रेकिंग :: बागेश्वर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से  88 भेड़-बकरियों की मौत 

 

बागेश्वर( आखरीआंख )  पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत पिंडारी ग्लेशियर वन रेंज के अंतर्गत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पांच गांवों के आठ पशुपालकों के 88 भेड़-बकरियों की मौत हो गई है। ये अनवाल अपने भेड़ों को चुगान के लिए जा रहे थे। लाहुर गांव के लौधुरा में यह घटना हुई है। सूचना के बाद वन विभाग, राजस्व, पशुपालन तथा चिकित्सकों की टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो गई है। रविवार को पिंडारी ग्लेशियर की वन रेंज अधिकारी शशि देव ने बताया कि शनिवार रात ग्रामीणों ने उन्हें आकाशीय बिजली की चपेट में आने से भेड़ और बकरियों की मरने की सूचना दी। जिसके वन बीट अधिकारी संजय बिष्ट और रिट श्रमिक को मौके पर भेजा गया। टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि लाहुर के लौधुरा के पास लाहूर, गोगिना, हाप्टीकापड़ी, कर्मी तथा ढोक्टी के अनवाल अपने भेड़ों और बकरियों को लेकर चुगान के लिए जा रहे थे। शनिवार रात की घटना में महेंद्र सिंह पुत्र रणजीत सिंह की 36, भवान सिंह पुत्र भीम सिंह की आठ, नारायण सिंह पुत्र मान सिंह सात, हरीश पुत्र बलवंत 19, प्रकाश सिंह पुत्र लाल सिंह 12, नंदन सिंह पुत्र कुंदन सिंह दो, विजय सिंह की तीन तथा भुवन सिंह पुत्र दौलत सिंह की एक बकरी समेत 88 बकरियों तथा भेड़ों की मौत हुई है। बताया कि राजस्व उप निरीक्षक, पशुपालन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर रवाना हुई है। इधर, पशुपालकों ने प्रशासन से पीडि़त परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।

लाहुर की घटना में 88 बकरियों की मौत की पुष्टि हुई है। पशुपालन विभाग की टीम मौके पर है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर पशुपालकों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। – रंजना राजगुरु, डीएम, बागेश्वर।