लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मिली नई ऊर्जा — डीएम अंशुल सिंह ने प्रेस क्लब अध्यक्ष जगदीश जोशी को दिलाई शपथ
अल्मोड़ा। उत्तराखंड प्रेस क्लब अल्मोड़ा की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को सादगीपूर्ण किंतु गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगदीश चंद्र जोशी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उल्लेखनीय है कि जगदीश चंद्र जोशी बागेश्वर जनपद के गरुड़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बनतोली के निवासी हैं और लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को क्लब के चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार-संपादक प्रकाश चंद्र पंत ने शपथ दिलाई, जबकि प्रेस क्लब के विधिक सलाहकारों को वरिष्ठ अधिवक्ता महेश परिहार, जो चुनाव के पर्यवेक्षक भी रहे, ने पद की शपथ ग्रहण कराई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदार होती है। उन्होंने कहा कि प्रेस समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करता है तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और तथ्यपरक ढंग से सामने लाकर व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान देता है। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी ने आशा व्यक्त की कि प्रेस क्लब अल्मोड़ा की नई कार्यकारिणी पत्रकारिता के मूल्यों को अक्षुण्ण रखते हुए जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाएगी और जनपद के विकास से जुड़े विषयों को व्यापक स्तर पर उठाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया में गति आती है तथा विकास कार्यों की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचती है। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेस क्लब की नई टीम जनपद में सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार नवीन बिष्ट द्वारा मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अंशुल सिंह के स्वागत से हुआ। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगदीश जोशी ने अपने संबोधन में अल्मोड़ा की पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए कहा कि प्रेस क्लब अपने दायित्वों पर खरा उतरने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करेगा। उन्होंने जिलाधिकारी अंशुल सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवा एवं ऊर्जावान प्रशासनिक नेतृत्व के सहयोग से प्रेस क्लब की गतिविधियों को नई गति और दिशा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम का संचालन कपिल मल्होत्रा एवं अशोक पांडे ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा, समाजहित की पत्रकारिता को बढ़ावा देने तथा प्रेस क्लब को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक संकल्प व्यक्त किया। वक्ताओं ने नव निर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी मजबूती के लिए पत्रकारों के त्याग, समर्पण और संघर्ष को सदैव स्मरण रखा जाना चाहिए।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष जगदीश चंद्र जोशी, उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल, सचिव अशोक पांडे, कोषाध्यक्ष संतोष बिष्ट, उप सचिव (संस्था) मोहित अधिकारी, उप सचिव (कार्यालय) कपिल मल्होत्रा, संप्रेक्षक हरीश भंडारी, विधिक सलाहकार रोहित कार्की एवं संजय अग्रवाल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्य के रूप में किशन चंद्र जोशी, हिमांशु लटवाल और शिवराज सिंह कपकोटी ने भी पद की शपथ ग्रहण की। समारोह के अंत में सभी ने प्रेस क्लब को सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
