March 12, 2026

कौसानी की चाय को मिलेगी नई पहचान, डीएम आकांक्षा कोंडे की पहल—मार्केटिंग, ब्रांडिंग और पर्यटन से जोड़ने की तैयारी


कौसानी, बागेश्वर। हिमालय की वादियों में उगने वाली कौसानी की चाय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बुधवार को कौसानी स्थित चाय बागान और चाय फैक्ट्री का विस्तृत निरीक्षण कर उत्पादन, विपणन और पर्यटन से जुड़ी संभावनाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चाय बागान में कार्यरत महिला श्रमिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी कार्यस्थितियों और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं के परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि कौसानी की चाय की गुणवत्ता और पहचान को मजबूत बनाने में इन श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बाद उन्होंने चाय फैक्ट्री का निरीक्षण करते हुए वहां कार्यरत कर्मचारियों से बातचीत की और विभिन्न प्रकार की तैयार की जा रही चाय, उत्पादन प्रक्रिया तथा वार्षिक उत्पादन की विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कौसानी चाय की बिक्री को बढ़ाने के लिए प्रभावी और आधुनिक मार्केटिंग रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने बिजनेस प्रमोटर्स को इस अभियान से जोड़ने तथा एक समर्पित मार्केटिंग टीम गठित करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से चाय की बिक्री को बढ़ावा देने, जनपद में विभिन्न स्थानों पर चाय के आउटलेट स्थापित करने और स्थानीय होटलों के साथ टाई-अप करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने चाय की पैकेजिंग और ब्रांडिंग को आकर्षक और प्रतिस्पर्धी बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा तथा 30 अप्रैल तक 50 लाख रुपये की बिक्री का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कौसानी चाय के प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चाय बागानों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की भी योजना सामने रखी, जिसके अंतर्गत चाय बागान से बर्ड वॉचिंग साइट तक ट्रैक विकसित करने और स्कूली बच्चों के लिए बर्ड वॉचिंग विजिट आयोजित कराने की बात कही। उन्होंने पर्यटन विभाग को बर्ड वॉचर्स और स्थानीय गाइड तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
इस दौरान चाय फैक्ट्री के प्रबंधक प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान में 23 हेक्टेयर क्षेत्र में चाय की खेती की जा रही है। पिछले वर्ष 3 हेक्टेयर क्षेत्र में विस्तार किया गया था और इस वर्ष भी 3 हेक्टेयर क्षेत्र बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कौसानी की चाय का प्रमुख बाजार कोलकाता है, जिसे भविष्य में देश के अन्य बड़े बाजारों तक विस्तारित करने की योजना है।
निरीक्षण के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, डीडीओ संगीता आर्या, जिला उद्यान अधिकारी हरीश चंद्र, कृषि अधिकारी राजेन्द्र उप्रेती सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।