फेसबुक पर अश्लील फोटो अपलोड करने पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग, ( आखरीआंख ) एक युवती की अश्लील फोटो फेसबुक पर अपलोड करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक बीते 27 मई को थाना अगस्त्यमुनि में एक युवती द्वारा शिकायत की गई कि एक युवक द्वारा उसकी अश्लील फोटो को फेसबुक पर अपलोड करते हुए उसे बदनाम किया जा रहा है। तहरीर पर अगस्त्यमुनि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अनेक धाराओं के साथ ही 66डी, 67 आईटी एक्ट का अभियोग पंजीकृत करते हुए मामले की विवेचना निरीक्षक होशियार सिंह पंखोली को सौंपी। विवेचना के दौरान सर्विलांस के आधार पर प्रकरण से संबंधित अभियुक्त विक्रम सिंह नयाल उर्फ विक्की निवासी ग्राम व पोस्ट नाई, थाना मुक्तेश्वर, जिला नैनीताल को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में पुरसाड़ी जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक होशियार सिंह पंखोली, थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि रविंद्र कुमार कौशल, आरक्षी अमित कुमार शामिल थे। इधर पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि इस तरह के अपराध में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
