समायोजन की मांग कर रहे 108 सेवा के पूर्व कर्मचारियों का धरना जारी
देहरादून ( आखरीआंख ) आपातकालीन सेवा 108 के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर रविवार को भी धरना जारी रखा। आंदोलनकारियों को कई संगठनों के कर्मचारियों ने अपना समर्थन दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रखेंगे। परेड ग्राउंड स्थित धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्र हुए और उन्होने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया। कर्मचारियों का कहना है कि वे काफी समय से 108 सेवा में रोजगार के साथ ही इमरजेंसी सेवा दे रहे। किन्तु राज्य सरकार ने अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है।
सरकार ने सेवा के संचालन के लिए कंपनी बदली, लेकिन कर्मचारियों के हितों का ध्यान नहीं रखा। राज्य के 717 युवा 11 साल की सेवा के बाद बेरोजगार हो गए। पिछले दो माह से अधिक समय से वह धरना प्रदर्शन कर सरकार से समायोजन की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी बिल्कुल भी नहीं सुनी जा रही है। उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष नीरज कुमार शर्मा समेत अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
