June 15, 2026

उत्तराखंड के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने पर विधायक चैंपियन के खिलाफ थाने में दी तहरीर

देहरादून,  ( आखरीआंख )  उत्तराखण्ड को अश्लील, अभद्र, अमर्यादित गाली देने पर खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ नेहरू कालोनी थाने में तहरीर दी गई है। यह तहरीर पत्रकार गजेंद्र रावत के द्वारा दी गई। उन्होंने विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
 तहरीर में पत्रकार गजेंद्र रावत ने कहा है कि 44 शहदातों के बाद बने उत्तराखंड राज्य को पाने के लिए यहां के मूल निवासियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया, तब जाकर उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया। उत्तराखंड की पहचान देश की रक्षा के रूप में है। देश की सेना ने ऐसी एक भी लड़ाई नहीं लड़ी जिसमें उत्तराखंड के वीरों ने अपना सर्वोच्च बलिदान न दिया हो। खानपुर से भाजपा के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का वीडियो न्यूज चैनलों से लेकर न्यूज पोर्टल व समाचार पत्रों में प्रसारित व प्रकाशित हो रहा है। जिसमें कुंवर प्रणव सिंह चैपिंयन बहुत सारे हथियार लहराते हुए उत्तराखंड को अश्लील, अभद्र, अमर्यादित गाली दे रहे हैं। उन्होंने विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के खिलाफ एमआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।