March 6, 2026

जिलाधिकारी ने की शिक्षा विभाग के निर्माण कार्यो की समीक्षा, तत्काल पूर्ण करने के दिये सख्त निर्देश

बागेश्वर  ( आखरीआंख )   सर्व शिक्षा अभियान के अन्तर्गत वर्ष 2009-10 में ग्राम निधियों को हस्तान्तरित धनराशि द्वारा कराये गये निर्माण कार्यो की संबन्ध में आज जिलाधिकारी रंजना राजगुरू ने जिला विकास अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारियों के साथ विकास खण्डवार उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय में कराये गये निर्माण कार्यो में अतिरिक्त कक्ष, शौचालय निर्माण की विद्यालयवार गहनता के साथ समीक्षा की। जिलाधिकारी ने विद्यालयवार कराये गये निर्माण कार्यो की एवं व्यय की गयी धनराशि की जानकारी प्राप्त की। जिसमें ग्राम विकास अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2009-10 से वर्तमान तक धनराशि अभी तक खर्च नही की गयी और न ही निर्माण कार्य पूर्ण हो पाये हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने विकास खण्ड कपकोट एवं बागेश्वर के 32 निर्माण कार्यो की समीक्षा की। निर्माण कार्यो में धनराशि का सही प्रकार से व्यय न होने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण किये जाने वाले कार्य अभी तक भी पूर्ण नही हो पाये है और न ही तात्कालीन अधिकारियों के द्वारा इन कार्यो का सत्यापन कराया गया है तथा उनके द्वारा लापरवाही बरती गयी है जो काफी खेद जनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि जो भी धनराशि व्यय और निर्माण कार्य कराये गये है उसके सत्यापन के लिए तहसीलदार की अध्यक्षता में समिति का गठन कर खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को सदस्य नामित करते हुए निर्माण कार्य एवं व्यय की गयी धनराशि के संबन्ध में जांच कर फोटोग्राफ सहित एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने संबन्धित अधिकारियों को कडी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि शासकीय धन का दुरूपयोग करने वाले अधिकारियों किसी भी दशा में नही बख्सा जायेगा। समिति की जांच आख्या उपलब्ध होने पर निर्माण कार्यो में किसी अधिकारी द्वारा किये गये कार्यो में किसी भी प्रकार की गडबडी व धाधली एवं धन का दुरूपयोग करना पाया जाता है तो संबन्धित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यावाही करते हुए उनसे वसूली की कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी करें कि विद्यालयों मे कराये गये निर्माण कार्यो के उपयोगिता प्रमााण पत्र 15 दिन के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। निर्माण कार्यो में गुणवत्ता होना आवश्यक है गुणवत्ता पर कमी पायी जाने पर संबन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यावाही सुनिश्चित की जायेगीं। इसलिए जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है उन निर्माण कार्यो के फोटाग्राफ सहित सूची उपलब्ध कराये और जो निर्माण कार्य अधूरे है उन्हें तत्काल पूर्ण कराना सुनिश्चित करे। बैठक में जिला विकास अधिकारी के.एन.तिवारी, शिक्षा अधिकारी पदमेन्द्र सकलानी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम पाल सिंह, खण्ड विकास अधिकारी कपकोट जी0जी0गोस्वामी, बागेश्वर आलोक भण्डारी एवं संबन्धित ग्राम विकास अधिकारी व समन्वयक आदि मौजूद थे।