97 पोलिंग पार्टियों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न
बागेश्वर । त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2019 को निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के लिए विकास खण्ड बागेश्वर की 97 पोलिंग पार्टियों के कुल 485 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पं0) रंजना राजगुरू की उपस्थिति में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बागेश्वर में द्वितीय चरण का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी(पं0)/जिलाधिकारी रंजना राजगुरू ने पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन को शान्तिपूर्ण एवं पारदर्शिता से सम्पन्न कराना हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है इसके लिए उन्हें जो भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है उसको स्वच्छ एवं स्थिर मन से प्राप्त करें ताकि निर्वाचन के समय किसी प्रकार की कोर्इ समस्या एवं दिक्कत उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्वाचन के दौरान वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप करें इसमें किसी प्रकार लापरवाही न बरती जाय वे यह भी सुनिश्चित करें कि मतपत्र के पीछे पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर अवश्य हों ताकि मतपत्र अवैध मतपत्र की श्रेणी में न आयें। उन्होंने निर्वाचन में तैनात कार्मिको को यह भी निर्देश दिये मतदान केन्द्र में 100 मीटर की परिधि में किसी प्रत्याशी द्वारा चुनाव प्रचार न किया जाय और न ही कोर्इ प्रचार सामग्री का वितरण किया जाय। उन्होंने कहा कि निर्वाचन में एक छोटी सी गलती एवं भूल पूरे निर्वाचन प्रक्रिया को बाधित कर सकती है इसके लिए सभी अधिकारी किसी प्रकार की कोर्इ परेशानी एवं शंका है तो उसका समाधान प्रशिक्षण दे रहे नोडल अधिकारियों से प्राप्त कर लें ताकि मतदान के समय कोर्इ भी दिक्कत न हो पाय। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नियुक्त किये गये कोर्इ भी अधिकारी मादक पदार्थों का उपयोग न करें यदि किसी भी कार्मिक की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की है कि सभी अधिकारी अपना व्यवहार एवं आचरण सही रखें एवं पोलिंग बूथ पर किसी भी व्यक्ति का आतिथ्य सत्कार स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की है कि निर्वाचन में लगे कार्मिक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि मतदाता द्वारा किये जाने वाले मतदान की गोपनीयता पूर्ण रूप से बनी रहे, तथा मतदान करते हुए किसी भी मतदाता एवं प्रत्याशी द्वारा मोबार्इल फोन आदि का इस्तेमाल न किया जाय एवं मतदान केन्द्र के अन्दर किसी प्रकार की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी न की जाय। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण ले रही पोलिंग पार्टियों को यह भी निर्देश दिये कि प्रत्येक पोलिंग पार्टी यह सुनिश्चित करें कि निर्वाचन हेतु दी जाने वाली सामग्री पूर्ण हों यदी कोर्इ सामग्री प्राप्त न हो तो उसके संबंध में पोलिंग पार्टी रवानगी से पहले नोडल अधिकारी लेखन सामग्री से संपर्क कर उसे पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय एस.एस.एस.पांगती ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि आज त्रिस्तरीय सामान्य पंचायत निर्वाचन 2019 के निष्पक्ष एवं सफल संचालन हेतु विकास खण्ड बागेश्वर के 185 मतदेय स्थल के सापेक्ष तैनात किये गये समस्त पोलिंग पार्टी में से आज 01 से 97 पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं शेष पोलिंग पार्टियों को कल प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि मतदान अधिकारी प्रथम मतदाता सूची से मतदाता की पहचान कर उसकी घोषण करेगा एवं अमिट स्याही लगाने का प्रभारी होगाा। मतदान अधिकारी द्वितीय ग्राम प्रधान एवं सदस्य ग्राम पंचायत के मतपत्र का प्रभारी होगा। मतदान अधिकारी तृतीय सदस्य क्षेत्र पंचायत एवं सदस्य जिला पंचायत के मतपत्रों का प्रभारी होगा। तथा मतदान अधिकारी चतुर्थ दोनों मतपेटियों का प्रभारी होगा और वह यह सुनिश्चित करेगा की मतपेटी एक में ग्राम प्रधान एवं सदस्य ग्राम पंचायत के मतपत्र एवं मतपेटी दो में सदस्य क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत के मतपत्र डाले जायेंगे। नोडल अधिकारी प्रशिक्षण डॉ0 उदय शंकर, सहायक नोडल अधिकारी दीप जोशी व राजीव जोशी ने स्लार्इड शो के माध्यम से उपस्थित पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारियों को उनके दायित्व, कर्तव्यों एवं निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किये जाने वाले विभिन्न कार्यो के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की तथा मतदान कार्मिकों के कार्य एवं दायित्वों, मतपत्रों को जारी करने की तैयारियों एवं सावधानियों व मतदान की गोपनियता, मतपेटी को खोलना एवं सील बंद करना, मतदान अभिकर्ता के कार्य एवं दायित्व, टेंडर वोट, चैलेंजिंग वोट, मतदान शुरू करने व समाप्ति की घोषणा, मतपत्र लेखा तैयार करने के बारे में विस्तार से सैद्धान्तिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को स्वच्छता की शपथ दिलायी गयी।प्रशिक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी के.एन.तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी अरूण कुमार वर्मा, अधि.अभि. ग्रामीण निर्माण विभाग रमेश चन्द्र समेत पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ आदि उपस्थित रहें।
