October 23, 2024

भेलुंता गांव में पांडव लीला का आयोजन

टिहरी। प्रतापनगर के ग्राम पंचायत भेतुंला में ईष्ट देवता भेलेश्वर महादेव एवं छेरिया देवता से गांवों की सुख-समृद्धि के नौ दिनों तक थौल मण्डाण पनाऊ और पांडव लीला कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। पांडव लीला के आठवें दिन भेलेश्वर महादेव एवं छेरिया देवता के त्रिशूलों का नृत्य हुआ। पांडव नृत्य देखने के लिए क्षेत्र के सैंकड़ों लोग गांव पहुंचे। प्रतापनगर विधानसभा के भेतुंला गांव में आयोजित पांडव लीला कार्यक्रम में ग्रामीण दिन में अपने ईष्ट देवता का आह्वान करते है, और रात को पांडव लीला का आयोजन करते है। पात्रों द्वारा पांडवों का भेष धारण कर पांडव लीला का मंचन किया जाता है। इस दौरान रातभर ढोल-दमाऊ की थाप पर पांडव नृत्य करते हैं। दिन में ईष्ट देवता भेलेश्वर महादेव एवं छेरिया देवता अपने पश्वों पर अवतरित होते हैं। पांडव लीला को देखने के लिए ससुराल से बेटियां अपने मायके आती है और अपने ईष्ट देवता को नारियल और चावल भेंट कर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना करती हैं। भेलुंता के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि प्रतापनगर क्षेत्र में पांडव लीला को बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। जिसमें महाभारत कथा का संगीत के साथ सरल रूप में वर्णन किया जाता है। कार्यक्रम का आयोजन दशहरे और दीपावली के बाद किया जाता है। इस मौके पर पूर्व जिपंस मुरारी लाल खण्डवाल, राविता देवी, मंजू देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष दर्शन लाल जोशी,मंजू देवी, जोत सिंह राणा, महावीर सिंह राणा, मोहनलाल नौटियाल आदि मौजूद थे।