March 6, 2026

रवाईंखाल में बीएसएनएल टॉवर की बिजली कटी-

बागेश्वर। जिला मुयालय से करीब नौ किमी दूरी पर लगा बीएसएनएल के टॉवर की बिजली कट गई है। इस कारण क्षेत्र के करीब 500 मोबाइल फोन शोपीस बनकर रह गए हैं। लोगों का विभाग के प्रति गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। नाराज उपभोक्ता जिला पंचायत उपाध्यक्ष के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिले। उनसे जल्द समस्या के समाधान की मांग की। जिले में बीएसएनएल सेवा पूरे गांव-गांव तक है, लेकिन एक महीने सेवा पूरी तरह चरमराने लगी है। कभी ओफसी केबिल कटने से उपभोक्ता परेशान रहते हैं तो कभी तकनीकी गड़बड़ी के कारण। इधर रवाईंखाल में लगे टॉवर की चार दिन पहले बिजली कट गई है। इस कारण क्षेत्र के लोग परेशान हैं। उनके सब्र का बांध टूट गया। सोमवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार के साथ जिलाधिकारी रंजना राजगुरु से मिले। उन्होंने कहा लोगों ने छह-छह महीने और तीन-तीन महीने के पैकेज ले रखे हैं। बिजली का बिल विभाग की लापरवाही से जमा नहीं हो रहा है। उन्होंने विभाग से समय पर टॉवर चालू करने की मांग की है। मोबाइलों के काम नहीं करने से वे अपने प्रवासियों की कुशलक्षेम तक नहीं पूछ पा रहे हैं। इस कारण उन्हें दिन-रात उनकी चिंता सता रही है। विभाग को कई बार बता दिया है, लेकिन उनकी कुंभकर्णी नींद नहीं खुल रही है। यहां खीम सिंह बिष्ट, भरत ऐठानी, चंदन सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि रहे। जिलाधिकारी ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। यातायात के लिए सुचारू किया जाए सरण-बघर मोटर मार्ग – बागेश्वर। सरण-बघर मोटर मार्ग पर यातायात सुचारू करने की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीण डीएम से मिले। उन्होंने कहा दैवीय आपदा के कारण मार्ग पर यातायात अवरूद्ध हो गया है। इसकी शिकायत वे कई बार कर चुके हैं, लेकिन समस्या आज भी जस की तस है। उन्होंने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। यहां नरेंद्र सिंह बिष्ट, नरेंद्र बघरी, जमन सिंह, प्रताप दानू, भूपेश सिंह, शेर सिंह, राम सिंह, पान सिंह आदि रहे।