Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

बैजनाथ पुलिस ने चार माल मुकदमाती वाहनों की कराई नीलामी, 21 हजार के न्यूनतम मूल्य के मुकाबले 30,900 रुपये मिले

न्यायालय के आदेश के बाद नियमानुसार हुई कार्रवाई, अधिकारियों की कमेटी की मौजूदगी में संपन्न हुई नीलामी

गरुड़, बागेश्वर। कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने माल मुकदमाती वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया के तहत गुरुवार को चार मोटरसाइकिलों की सार्वजनिक नीलामी कराई। नीलामी में चारों वाहनों का न्यूनतम मूल्य 21 हजार रुपये निर्धारित था, जबकि इनके सापेक्ष कुल 30,900 रुपये की बोली प्राप्त हुई। इस तरह निर्धारित न्यूनतम मूल्य से 9,900 रुपये अधिक की राशि में वाहनों की नीलामी संपन्न हुई।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत 15 अक्टूबर 2026 को कोतवाली बैजनाथ में रखे माल मुकदमाती वाहनों की नीलामी कराई गई। इसके लिए माननीय न्यायालय से निस्तारण का आदेश प्राप्त किया गया था। इसके बाद गठित समिति की उपस्थिति में नियमानुसार सार्वजनिक नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई।

नीलामी प्रक्रिया के दौरान समिति में उपजिलाधिकारी गरुड़ गौरव काण्डपाल अध्यक्ष के रूप में शामिल रहे। इसके अतिरिक्त क्षेत्राधिकारी बागेश्वर अजय लाल साह, सहायक अभियोजन अधिकारी बागेश्वर गौरव अग्रवाल तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बागेश्वर देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।

पुलिस द्वारा न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य लंबे समय से माल मुकदमाती के रूप में रखे वाहनों का नियमानुसार निस्तारण करना था। चारों मोटरसाइकिलों की नीलामी निर्धारित प्रक्रिया के तहत समिति की मौजूदगी में संपन्न कराई गई।

Advertisement