March 5, 2026

युवा महोत्सव मेंं ग्रामीण विरासत की दिखी झलक 

चमोली। युवा कल्याण विभाग जोशीमठ की ओर से आयोजित एक दिवसीय युवा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आईं महिला मंगल दलों ने अपनी ग्रामीण विरासत से लोगों को रूबरू कराया। महिला मंगल दलों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचलित पहाड़ी ग्रामीण गीत, नृत्य, जागर और जनजागरूकता गीतों से सभी को मंत्र मुग्ध किया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में पांडव उमेद नृत्य, ग्रामीण दांकुडी चांचडी, समूह गान, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता वाले गीतों ने दर्शकों को बांधे रखा। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सुबोध चन्द्र ने बताया कि प्रति वर्ष उनके विभाग द्वारा विकासखंड के सभी मंगल दलों के मध्य इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है जिसमें सभी मंगल दल अपने अपने क्षेत्र में प्रचलित प्राचीन जागर, दांकुडी, चांचडी, पौंडा नृत्य, लोक गीत, लोक नृत्य, जनजागरूकता गीतों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जेलम की महिला मंगल द्वारा प्रस्तुत पांडव उमेद चांचडी सभी के आकर्षण का केन्द्र रही। जिसमें महिला मंगल दल ने पांडव लीला का संक्षिप्त गायन चांचडी के माध्यम से किया। पैंग रैंणी की महिलाओं द्वारा परंपरागत पौंणा नृत्य ने भी सभी को मंत्र मुग्ध किया। बीओ सुबोध चन्द्र ने बताया कि लोक नृत्य व सामूहिक गान में पैंग प्रथम व जेलम द्वितीय , लोक गीत में बडगिन्डा प्रथम व पैंग द्वितीय रहे। सुबोध चन्द्र ने बताया कि महिला मंगल दल पैंग का चयन जिला स्तरीय युवा महोत्सव के लिए किया गया है। कार्यक्रम में मौजूद मुय अतिथि बीडीओ विक्रम लाल शाह ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख संतोष लाल, युवा कल्याण ब्लॉक अध्यक्ष पूरण सिंह राणा, विजय पुरोहित, उमेश डिमरी, कैलाश काला, प्रधान महावीर पंवार, किशोर कनियाल, हीरा सिंह, क्षेपंस योति राणा , ओम प्रकाश डोभाल आदि मौजूद रहे।