April 29, 2026

बीडीसी सदस्यों ने शपथ ग्रहण नहीं करवाने की उठाई मांग 

पौड़ी। पाबौ ब्लाक के कुछ बीडीसी सदस्यों ने शपथ ग्रहण के कार्यक्रम में रोक लगाने की मांग की है। बीडीसी सदस्यों ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी है। इससे पूर्व ब्लाक के दो बीडीसी सदस्यों ने निर्वतमान ब्लाक प्रमुख पर डरा-धमकाकर अपने पक्ष में मतदान करने को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत की थी। सोमवार को पाबौ ब्लाक के कुछ बीडीसी सदस्य डीएम से मिलने पौड़ी पहुंचे थे लेकिन डीएम के अवकाश पर होने के चलते उन्होंने एडीएम से मुलाकात की। बीडीसी सदस्यों ने एडीएम को पत्र सौंपते हुए कहा कि निर्वतमान ब्लाक प्रमुख ने दो बीडीसी सदस्यों को डरा-धमकाकर अपने पक्ष में मतदान करवाया लेकिन अभी तक मामले का हल नहीं निकल पाया है। बीडीसी सदस्यों ने कहा कि जब तक मामले का हल नहीं निकलता है तब तक शपथ ग्रहण समारोह नहीं किया जाए। शपथ ग्रहण होने पर बीडीसी सदस्य शपथ ग्रहण का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। वहीं, एडीएम डा.एसके बरनवाल ने बीडीसी सदस्यों को आश्वासन दिया कि जिला निर्वाचन अधिकारी को उनकी समस्या से अवगत कराया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में बीडीसी सदस्य सुलेखा रावत, शिशुपाल सिंह, रीना देवी, मनोज सिंह, धनवीर सिंह, नरेंद्र सिंह, सरोजनी देवी, सुमंगला देवी, मुकेश कंडारी, सुमित्रा देवी, दिगंबरी देवी, पुष्पा देवी, शीलम देवी, रीना रावत के नाम शामिल थे।