May 3, 2026

रणजी ट्रॉफी : उत्तराखंड के सामने हार से बचने की चुनौती

देहरादून। रणजी ट्रॉफी में उत्तराखंड के सामने एक बार फिर हार से बचने की चुनौती है। त्रिपुरा ने पहली पारी में 189 रन की बढ़त हासिल कर ली है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उत्तराखंड ने 21 रन पर एक विकेट गंवा दिया है। अब मैच के चौथे और अंतिम दिन उत्तराखंड के बल्लेबाजों के सामने अब मैच ड्रॉ कराने की चुनौती है। अगरतला में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच में दूसरे दिन के खेल में उत्तराखंड की पहली पारी 90 रन पर सिमट गई थी। वहीं त्रिपुरा ने 2 विकेट पर 104 रन बनाकर पहली पारी में 14 रन की बढ़त हासिल की थी। सोमवार को रोशनी कम होने के कारण तीसरे दिन का खेल देरी से शुरू हुआ। त्रिपुरा के बल्लेबाजों ने तेजी से रन जोड़े। 164 रन पर आरए डे को 54 के निजी स्कोर पर विजय जेठी ने रन आउट कर त्रिपुरा का तीसरा विकेट चटकाया। मगर इसके बाद एसएम सिंघा ने हरमीत सिंह के साथ तेजी से रन जोड़े। तीसरे दिन चाय ब्रेक के बाद त्रिपुरा ने 70.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 279 रन के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। हरमीत सिंह ने 102, एसएम सिंघा ने 58, एमबी मूरा सिंह ने 32 रन बनाए। उत्तराखंड के दीक्षांशु नेगी ने 2, प्रदीप चमोली और राहिल शाह ने 1-1 विकेट लिया। पहली पारी में 189 रन से पिछडऩे के बाद उत्तराखंड के सलामी बल्लेबाजों से अछी वापसी की उमीद थी। एक बार फिर टीम उन्मुक्त चंद और आर्य सेठी पारी की शुरुआत करने मैदान में उतरे। मगर दूसरे ओवर में 1 के स्कोर पर आर्य सेठी एक बार फिर जल्दी आउट हो गए। आर्य सेठी अपना खाता तक नहीं खोल सके। इसके बाद उन्मुक्त चंद और तनमय श्रीवास्तव ने तीसरे दिन शेष बचे 9 ओवर में 21 रन जोड़े और विकेट नहीं गिरने दिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तनमय श्रीवास्तव 13 और उन्मुक्त 6 रन बनाकर खेल रहे हैं।