March 20, 2026

पुरस्कार वितरण के साथ ही हुआ उत्तरायणी मेले का समापन

बागेश्वर ।  धार्मिक, ऐतिहासिक, पौराणिक आठ दिवसीय उत्तरायणी मेले का समापन मंगलवार देर रात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। मेले का समापन क्षेत्रीय विधायक चन्दन राम दास, उपाध्यक्ष जिला पंचायत नवीन परिहार, अध्यक्ष नगर पालिका बागेश्वर सुरेश खेतवाल, अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार गोयल व उपजिलाधिकारी/मेलाधिकारी बागेश्वर राकेश चन्द्र तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक चन्दन राम दास ने मेले को शान्ति पूर्वक सम्पन्न कराने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व मेला कमेटी तथा मेला ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों द्वारा दिये गये सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को बधार्इ दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारे सांस्कृतिक धरोहर है इन्हें संजोये रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा दी गयी अच्छी प्रस्तुति की सराहना की। समापन के अवसर पर अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार गोयल ने कहा कि मेलों के आयोजन से पहाडी पारम्परिक सांस्कृतिक धरोहर को देखने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि हमें सांस्कृतिक विरासत को बनाये रखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पारम्परिक विधाओं को बढावा देने पर जोर दिया। उत्तरायणी मेला के तहत विभिन्न विभागों द्वारा लगाया गये स्टालों को 02 वर्गों में विभाजित करते हुए जिसमें उत्पादित आधारित एवं जानकारी/सूचना आधारित क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रर्दशन करने के लिए पुरस्कृत किया गया। जिसमें उत्पादित आधारित के तहत उद्यान विभाग प्रथम स्थान, एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना द्वितीय स्थान, एवं ग्राम्या तृतीय स्थान पर रहा तथा सांत्वना पुरस्कार राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन को दिया गया। वहीं दूसरी ओर जानकारी/सूचना आधारित प्रदर्शनी में प्रथम स्थान कृषि विज्ञान केन्द्र काफलीगैर, दूसरे स्थान पर बाल विकास, तीसरे स्थान पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रहा तथा सांत्वना पुरस्कार पशु पालन विभाग को दिया गया। इसके अतिरिक्त उत्तरायणी मेले के दौरान आयोजित की गयी विभिन्न प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया जिसमें कुमाऊंनी व्यंजन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर गीता बचखेती, द्वितीय स्थान पूनम जोशी, तृतीय नीमा पांडे रही, मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन 02 वर्गों में किया गया जिसमें सीनियर वर्ग में प्रथम सपना उपाध्याय, द्वितीय सोनू कुमार, तृतीय फिरदौस नाज व खुशी कौर, एवं जूनियर वर्ग में प्रथम इल्या, दूसरे स्थान पर महक रही तथा तृतीय स्थान पर हयाबूल फिरदौस व रंगोली प्रतियोगिता दो वर्गो में आयोजित की गयी जिसमें सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान पर खुशी कौर, द्वितीय स्थान मोनिका उपाध्याय तथा तृतीय हिमानी काण्डपाल रही वही जूनियर वर्ग में तरनजीत कौर प्रथम, भूमिका पंत द्वितीय स्थान पर रही। इसके अतिरिक्त मुख्य अतिथियों द्वारा विभिन्न खेलों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने के साथ ही मेले के दौरान बेहतर सफार्इ व्यवस्था के लिए नगरपालिका के निरीक्षक राजबीर को तथा सुन्दर लाल को सफार्इ जागरूकता के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का धन्यवाद व आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के बेहतरीन तालमेल से मेले का सफल संचालन सम्भव हो सका। उन्होंने मेले में आये मेलार्थियों, व्यापारियों एवं कलाकारों को भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा, पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल, मुख्य विकास अधिकारी डी0डी0पंत, उपजिलाधिकारी कपकोट प्रमोद कुमार, गरूड़ जयवर्द्धन शर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जी0एस0बिष्ट अधि0अधि0नगरपालिका/मेलासचिव राजदेव जायसी, दीप जोशी, सहित विभिन्न अधिकारी एवं नगरपालिका के सभासद एवं आम जनता मौजूद थी। कार्यक्रम का संचालन जयंत सिंह भाकुनी द्वारा किया गया।