Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

तलाई-हरकोट मोटर मार्ग के जल्द निर्माण की मांग की 

बागेश्वर। कपकोट के दूरस्थ क्षेत्र हरकोट के लिए मोटर मार्ग बनाने की मांग ने जोर पकड लिया है। ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन दिया। उन्हें रोड नहीं होने से ग्रामीणों को होने वाली परेशानी के बारे में बताया। उनसे जल्द तलाई-हरकोट का निर्माण कराने की मांग की। हरकोट की ग्राम प्रधान गंगा हरकोटिया के नेतृत्व में ग्रामीणों का शिष्टमंडल विधायक बलवंत सिंह भौर्याल से मिला। उन्होंने बताया कि सालों से गांव के लिए मोटर रोड बनाने की मांग की जा रही है। इसके बाद भी शासन और प्रशासन कोई सुध नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ गांव को आज तक सड़क नहीं होने से गांव से पलायन बढ़ता जा रहा है। यहां रहने वालों को भी कई किमी तक पैदल चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गांव अनुसूचित जाति बाहुल्य है। जहां के लिए साल 2006-07 से स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत सड़क प्रस्तावित है। वर्तमान में इस रोड की जिमेदारी पीएमजीएसवाई के पास है। उन्होंने जनहित को देखते हुए जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण आज भी लोग मीलों पैदल चलने को मजबूर हैं। विधायक भौर्याल ने उन्हें एक माह के भीतर भूमि पूजन कर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, महिला प्रेरक लक्ष्मी देवी, बसंती देवी सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement