बिग ब्रेकिंग: बूढ़ा पिनाथ से दो दिन बाद दुर्गम पहाड़ी से निकाला युवक का शव
अल्मोड़ा। पिनाथेश्वर की पहाड़ी के बूढ़ा पिनाथेश्वर मंदिर के धर्मशाला में मिले छानी गांव के युवक गोविंद राम के शव को सोमेश्वर पुलिस, ग्राम प्रहरियों और ग्रामीणों ने दूसरे दिन कड़ी मशक्कत कर 9 किमी के तीव्र ढलान वाली और बर्फ से ढके मार्ग से मुय मार्ग कांटली तक पहुंचाया। शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के जवानों, ग्राम प्रहरियों और अन्य मददगार लोगों की ग्रामीणों ने सराहना की है। बताते चलें कि छानी गांव के गोविंद राम (25) का क्षतविक्षत शव वीरान पहाड़ी की चोटी में स्थित बूढ़ा पिनाथ मंदिर के धर्मशाला में कांटली के ग्रामीणों ने देखा था। दुर्गम और जोखिम भरा मार्ग होने के कारण कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को सड़क तक लाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाल रमेश बोहरा ने बताया कि बुधवार को शव पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि मृतक को जंगली जानवरों ने मौत के घाट उतारकर उसके शरीर का काफी मांस भी खाया है। शव निकालने में पुलिस के जवानों के साथ ग्राम प्रहरी प्रकाश भट्ट, ललित कुमार, पिनाथेश्वर के महन्त नरेंद्र गिरी महाराज, युवा सामाजिक कार्यकर्ता पंकज नेगी, महेश गिरी, भगवान गिरी, भीम राम, हरीश राम, प्रकाश राम और हरीश कुमार सहित कांटली, रौल्याणा, कफाड़ी, पचीसी, छानी आदि गांवों के ग्रामीणों ने सहयोग प्रदान किया
